हनुमानगढ़। टाउन के सोरगर मोहल्ला निवासी केवल पुत्र नत्थूराम ने ₹3,14,000 की नगद राशि चोरी होने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाना टाउन में रिपोर्ट दर्ज करवाने हेतु प्रार्थना पत्र सौंपा था, परंतु एक माह बीत जाने के बाद भी करवाई न होने पर आक्रोशित होकर अखिल भारतीय बावरी महासभा के बैनर तले शोरगर समाज के सैकड़ों लोगों ने थाना टाउन के समक्ष धरना दिया। धरने की अगुवाई कर रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंदर बावरी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करती और दबाव में आकर निर्दोष को फंसाया गया, तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा।
पीड़ित के अनुसार, उसने यह राशि एक मकान प्लॉट की बकाया अदायगी के लिए घर पर इकट्ठी की थी। दिनांक 22 जून 2025 को वह एवं उसकी पत्नी रूकमणी भट्टे पर कार्य हेतु गए हुए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे जब उसकी पत्नी वापस घर आई, तो घर का मुख्य दरवाजा खुला पाया। अंदर जाकर देखा तो मोहल्ले के ही नरेश कुमार पुत्र शम्भूराम और सोनू पुत्र बाबूलाल (बनिया) संदूक खोलकर उसमें रखे रुपये निकाल रहे थे।
पीड़िता ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने तुरंत पति को सूचना दी। आधे घंटे बाद जब केवल घर पहुंचा तो पाया कि पूरी नगदी चोरी हो चुकी थी। बाद में दोनों आरोपियों के परिजनों से बात की गई, जिन्होंने मामले को सुलझाने और रुपये लौटाने का भरोसा दिलाया, साथ ही थाने में रिपोर्ट नहीं करने का आग्रह किया। पीड़ित के अनुसार, सोनू के पास से ₹80,000 की राशि भी बरामद कर ली गई थी, लेकिन वह अब तक लौटी नहीं है। अब आरोपी परिवार मिलकर पीड़ित को गुमराह कर रहे हैं और रुपये खुर्द-बुर्द करने की साजिश रच रहे हैं। पंचायतें भी हो चुकी हैं, मगर कोई ठोस परिणाम नहीं निकला है।
समाज ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र मुकदमा दर्ज कर आरोपियों से समस्त राशि बरामद की जाए और पीड़ित को न्याय दिलाया जाए।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































