एसएसडब्लयू वितरिका के पक्कीकरण कार्य का हुआ शुभारंभ, चैयरमैन बूटा सिंह रधावा व चीफ इंजीनियर प्रदीप रूस्तगी ने रखी नींव

189

हनुमानगढ़। क्षेत्र की कृषि समृद्धि और सिंचाई व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एसएसडब्लयू वितरिका (नहर) के पक्कीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वितरिका चैयरमैन बूटा सिंह रधावा, चीफ इंजीनियर प्रदीप रूस्तगी तथा एक्सईएन हरी सियाग ने संयुक्त रूप से नहर की नींव रखी और निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस मौके पर नहर अध्यक्ष तुलसाराम, सोहन सिंह, धीरू सिंह, महावीर खिेलरी, इकबाल सिंह ने शिरकत की। कार्यक्रम में चैयरमैन बूटा सिंह रधावा ने बताया कि एसएसडब्लयू वितरिका क्षेत्र के किसानों के लिए जीवनरेखा जैसी है। यह वितरिका 12 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को सिंचित करती है, लेकिन वर्षों से इसके कच्चे स्वरूप के कारण अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता था। अब इस परियोजना के तहत आरडी जीरो से लेकर 96.634 आरडी तक लगभग 29.454 किलोमीटर लंबाई तक नहर को पक्का किया जाएगा, जिससे पानी की बर्बादी रुकेगी और अंतिम छोर तक पर्याप्त मात्रा में जल पहुंच सकेगा। उक्त निर्माण लगभग 21 करोड़ की लागत से पूरा होगा। रधावा ने कहा कि नहर के पक्कीकरण से न केवल जल का संरक्षण होगा बल्कि मिट्टी का कटाव भी रुकेगा और सिंचाई की दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होगा। यह निर्माण कार्य किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांगों और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है, जो क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।
चीफ इंजीनियर प्रदीप रूस्तगी ने कहा कि नहर पक्की होने के बाद किसानों को पानी के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ेगा और जल वितरण में पारदर्शिता आएगी। उन्होंने बताया कि यह कार्य तकनीकी मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।