-साइबर फ्रॉड से बचाव और मतदाता जागरूकता को लेकर रैली का आयोजन
हनुमानगढ़। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, पक्कासहारणा में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के तृतीय दिवस का शुभारंभ उत्साह और जागरूकता के संदेश के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक संदीप गोदारा, संस्थान प्रधान राकेश कुमार, उपप्रधानाध्यापिका किरणजीत कौर एवं कार्यक्रम अधिकारी अनिता मीणा द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि संदीप गोदारा ने स्वयंसेविकाओं से संवाद करते हुए उन्हें साइबर फ्रॉड से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बैंकिंग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल युग में सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को ऑनलाइन लेन-देन करते समय सावधानी बरतने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि से दूर रहने की सलाह दी।
इसके पश्चात स्वयंसेविकाओं ने गांव में रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। रैली के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया तथा ग्रामीणों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं ने नारों और संदेशों के जरिए लोगों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व से अवगत कराया।
शिविर के दौरान स्वयंसेविकाओं ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भी भाग लिया, जिससे उनमें सेवा भाव और नेतृत्व क्षमता का विकास हो रहा है। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से छात्राओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां सभी ने ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































