गुरुसर पंचायत भवन पर ग्रामीणों का ताला, धरने से बढ़ा विवाद

26

-प्रशासक पर गंभीर आरोप, प्रशासन की समझाइश के बाद खुला ताला
हनुमानगढ़। जिले के निकटवर्ती गुरुसर गांव में बुधवार को पंचायत भवन को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जब ग्रामीणों ने कथित अनियमितताओं और अनैतिक गतिविधियों के आरोप लगाते हुए पंचायत भवन के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए। घटना से गांव में तनाव की स्थिति बन गई, जिसे बाद में प्रशासन की समझाइश से शांत कराया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन में प्रशासक और कर्मचारियों की मिलीभगत से गलत गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे गांव की सामाजिक छवि धूमिल हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से प्रशासक को हटाने और पंचायत भवन के समस्त स्टाफ को बदलने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार दोपहर एक व्यक्ति किसी कार्य से पट्टा लेने पंचायत भवन पहुंचा था। उस समय प्रशासक कक्ष अंदर से बंद था। करीब आधे घंटे बाद जब दरवाजा खुला तो प्रशासक के साथ एक महिला बाहर आई। इस पर उपस्थित लोगों ने जब स्थिति के बारे में सवाल किया तो कथित रूप से विवाद बढ़ गया और हाथापाई की नौबत आ गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
इसी के विरोध में बुधवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण पंचायत भवन के बाहर एकत्रित हो गए और मुख्य द्वार पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक तालाबंदी जारी रहेगी। प्रदर्शन के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और पंचायत का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर शांति बनाए रखने की अपील की। इसके बाद पंचायती राज विभाग के अंतर्गत कार्यरत ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं।
बीडीओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर पंचायत भवन का ताला खोल दिया, जिससे स्थिति सामान्य हो सकी।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पंचायत के निर्वाचित सरपंच वर्तमान में प्रशासक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ, जिससे उनका पक्ष सामने नहीं आ सका।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।