श्रमिकों का श्रम विभाग पर रोष मार्च, लंबित योजनाओं और मजदूरी बढ़ोतरी को लेकर सौंपा ज्ञापन

29

– सीटू यूनियन ने 17 सूत्रीय मांगपत्र रखा, पेंशन, छात्रवृत्ति, प्रसूति सहायता व पंजीयन प्रक्रिया में सुधार की उठाई मांग
हनुमानगढ़। भवन निर्माण मिस्त्री–मजदूर एकता यूनियन (सीटू) के बैनर तले गुरुवार को सैकड़ों श्रमिकों ने शहर में रोष मार्च निकालते हुए श्रम विभाग कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम श्रम कल्याण समझौता अधिकारी के माध्यम से विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में निर्माण कार्य से जुड़े मिस्त्री, मजदूर, प्लंबर, पीओपी कारीगर, कारपेंटर, टाइल्स व मार्बल मिस्त्री सहित लोडिंग-अनलोडिंग कार्य करने वाले श्रमिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। निर्माण
यूनियन के जिला अध्यक्ष कामरेड शेर सिंह शाक्य ने बताया कि लंबे समय से श्रमिकों की विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। शुभ लक्ष्मी एवं शुभ शक्ति योजना की लाखों फाइलें स्वीकृत होने के बावजूद लंबित पड़ी हैं, वहीं श्रमिकों के बच्चों की छात्रवृत्ति भी वर्षों से बकाया है। मजदूर कार्ड के नवीनीकरण व नए पंजीयन में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं, यहां तक कि मालिकों के आधार कार्ड की मांग की जा रही है, जो व्यवहारिक रूप से संभव नहीं है।
निर्माण यूनियन के जिला सचिव कामरेड बहादुर सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि कार्य स्थलों पर सुरक्षा के अभाव में कई मजदूरों की दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है, लेकिन उन्हें न तो मुआवजा मिला और न ही परिवारों को कोई सहायता। साथ ही, ई-मित्र केंद्रों पर योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर अवैध वसूली किए जाने की भी शिकायत की गई। पिछले चार वर्षों से मजदूरी में कोई बढ़ोतरी नहीं होने से श्रमिकों की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
ज्ञापन में कॉमरेड बसंत सिंह सुल्तान खान व बलदेव मक्कासर ने कहा कि निर्माण सामग्री की लोडिंग-अनलोडिंग करने वाले श्रमिकों को भवन एवं अन्य सन्निर्माण श्रमिक कल्याण मंडल के तहत पंजीकृत नहीं किया जा रहा, जिससे वे सभी लाभों से वंचित हैं। यूनियन ने मांग की कि ऐसे श्रमिकों को तुरंत पंजीयन में शामिल किया जाए।
सीटू ने 17 सूत्रीय मांगपत्र में श्रम मंत्री की शीघ्र नियुक्ति, प्रत्येक जिले में पर्याप्त श्रम अधिकारियों की तैनाती, लंबित एफडीआर भुगतान को एक वर्ष में जारी करने, छात्रवृत्ति व प्रसूति सहायता एकमुश्त देने, तथा औजार खरीद सहायता राशि 2 हजार से बढ़ाकर 10 हजार करने की मांग उठाई। साथ ही, 60 वर्ष पूर्ण करने वाले श्रमिकों के लिए 5000 रुपये मासिक पेंशन लागू करने, सेस वसूली को नियमित करने और श्रमिकों के खातों में सीधे भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। आज प्रदर्शन में सेवक सिंह,मंगा सिंह, राजेन्द्र सौनी, विक्रम सिंह, अवतार सिंह दारा सिंह,कीरसन कुमार,कमल प्रभात पालाराम,सीमर पाल, सुखदेव सिंह,सतपाल , महेंद्र सिंह आदि साथी शामिल हुए

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।