सड़क सुरक्षा को बढ़ावा, 50 बाइक चालकों को बांटे गए हेलमेट

16

– एसपी नरेंद्र मीणा की पहल, जन सहयोग से जरूरतमंदों को मिला सुरक्षा कवच
हनुमानगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र मीणा ने गुरुवार को यातायात पुलिस थाने में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 50 बाइक चालकों को हेलमेट वितरित किए। यह हेलमेट जन सहयोग से एकत्रित किए गए थे, जिनका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को सुरक्षा प्रदान करना है। जन सहयोग करने वालों में नारंग होटल, ग्रैंड इन होटल, महाजनी कपड़ा भंडार, पारीक मिष्ठान भंडार, गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूल का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी नरेंद्र मीणा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का एक बड़ा कारण हेलमेट का उपयोग न करना है। उन्होंने बताया कि कई बार लोग आर्थिक तंगी के चलते हेलमेट नहीं खरीद पाते, जिसके कारण दुर्घटना के समय गंभीर चोटें लगती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने जन सहयोग से हेलमेट उपलब्ध कराकर जरूरतमंद बाइक चालकों को वितरित करने का निर्णय लिया।
उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि हेलमेट न केवल कानूनी अनिवार्यता है, बल्कि यह जीवन की सुरक्षा का सबसे सरल और प्रभावी उपाय भी है। जागरूकता ही सड़क दुर्घटनाओं को कम करने का सबसे बड़ा माध्यम है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।