बेटियों ने सैनिकों के नाम भेजीं 100 से अधिक स्वनिर्मित राखियां

60

‘एक राखी भाइयों और सैनिकों के नाम’ अभियान के तहत देशभक्ति का अनूठा संदेश, डाक विभाग के ‘राखी से रक्षा’ अभियान से जुड़ी छात्राएं
हनुमानगढ़, 17 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के अवसर पर सरस्वती कान्वेंट स्कूल, हनुमानगढ़ की छात्राओं ने देशभक्ति और संवेदनाओं से भरी अनूठी पहल करते हुए सीमा पर तैनात वीर जवानों के लिए 100 से अधिक स्वनिर्मित राखियां भेजीं। छात्राएं भारतीय डाक विभाग के ‘राखी से रक्षा’ अभियान के साथ जुड़ीं और ‘एक राखी भाइयों और वीर जवानों के नाम’ अभियान के तहत अपने हाथों से तैयार राखियां डाक के माध्यम से सैनिकों तक पहुंचाईं। स्कूल परिसर में सुबह से ही उत्साह और देशभक्ति का माहौल रहा। कक्षा 1 से 10 तक की छात्राओं ने कई दिनों की मेहनत से रंगीन धागों, रेशम, मोतियों, कुंदन और फूलों से सुंदर राखियां तैयार कीं। प्रत्येक राखी के साथ छात्राओं ने सैनिकों के लिए शुभकामना एवं धन्यवाद संदेश भी लिखे। कक्षा 5 की छात्रा ईशानी ने संदेश में कहा कि सैनिक दूर रहकर देश की रक्षा करते हैं, इसलिए उनकी राखी प्यार और दुआ का प्रतीक है। कक्षा 9 की सोनिया ने कहा, “हम पढ़ रहे हैं क्योंकि आप जाग रहे हैं। आप ही हमारे असली हीरो हैं।” वहीं कक्षा 8 की प्राची मिमानी ने कहा कि सीमा पर जवानों की हिम्मत से ही देशवासी त्योहारों की खुशियां मना पाते हैं। स्कूल की प्रधानाचार्या सीमा माहेश्वरी ने कहा कि बच्चों ने त्योहार मनाने के साथ देश के प्रति अपना कर्तव्य भी निभाया है। सैनिकों को बच्चों के हाथों से बनी राखियां और प्यार भरे संदेश मिलेंगे, तो निश्चित रूप से उनका मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि देशभक्ति उम्र की मोहताज नहीं होती।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।