– कैलाश नारायण राठी को अध्यक्ष व रविंद्र कुमार लखोटिया को सचिव पद की कमान समाज के लोगों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का किया भव्य स्वागत
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जिला माहेश्वरी सभा के दिशा-निर्देशों की अनुपालना करते हुए, हनुमानगढ़ टाउन माहेश्वरी सेवा समिति (रजिस्टर्ड) की नवीन कार्यकारिणी के चुनाव स्थानीय माहेश्वरी धर्मशाला में पूरे हर्षोल्लास और पारदर्शी प्रक्रिया के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुए। इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक चुनाव में माहेश्वरी समाज के सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कर समाज की मजबूत एकजुटता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने का दायित्व मुख्य चुनाव अधिकारी मदन पारीक और सहायक चुनाव अधिकारी चंद्र कैलाश स्वामी ने बखूबी निभाया। इस दौरान व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में माहेश्वरी सेवा समिति के सदस्यों ने भी अपने स्वविवेक से बेहतरीन कार्य किया। चुनाव प्रक्रिया में विशेष सहयोग प्रदान करने वालों में प्रमुख रूप से सुरेंद्र कुमार जाजू, अश्वनी कुमार राठी, एडवोकेट मोहित ऐरन और निवर्तमान सचिव विजय सिगची व इन्द्र सोनी का सराहनीय योगदान रहा। मतदान को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। चुनाव अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस चुनाव में कुल 150 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 124 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर नई कार्यकारिणी के गठन में अपनी भूमिका निभाई। मतदान की प्रक्रिया पूर्ण होने के तत्पश्चात ही मतों की मतगणना का कार्य प्रारंभ किया गया। मतगणना के परिणाम आते ही उपस्थित समाजबंधुओं में खुशी की लहर दौड़ गई। अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में उम्मीदवार कैलाश नारायण राठी ने 8 मतों के अंतर से जीत हासिल की और उन्हें विजयी घोषित किया गया। वहीं, सचिव पद के लिए रविंद्र कुमार लखोटिया ने 26 वोटों के स्पष्ट अंतर से शानदार जीत दर्ज की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































