रक्षाबंधन पर विद्यार्थियों ने पुलिस व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बांधी राखी

44
हनुमानगढ़। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर आदर्श बाल निकुंज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने अनूठी पहल करते हुए टाउन यातायात पुलिस तथा जंक्शन स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राखी बांधी। विद्यार्थियों ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विद्यार्थियों ने पुलिसकर्मियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से समाज व देशहित में अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन करने का वचन भी लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने टाउन यातायात पुलिस से शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा आमजन की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का संकल्प लिया। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनमें अच्छे संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का वचन लिया गया।
विद्यार्थियों की इस पहल से पुलिसकर्मी और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी भावुक नजर आए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने के साथ उनमें सेवा, सम्मान और कर्तव्य की भावना को मजबूत करते हैं।
शिक्षा समिति निदेशक गुरप्रीत सिंह अक्कू एवं प्रधानाचार्य रजवंत कौर ने बताया कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी शिक्षा देना नहीं, बल्कि उन्हें संस्कारवान, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना भी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए रक्षाबंधन के अवसर पर विद्यार्थियों को समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ने और उनके योगदान को समझने का अवसर दिया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।