सेवा भारती ने 201 कन्याओं का पूजन कर मनाई दुर्गा अष्टमी, सामाजिक समरसता का दिया संदेश

33

– सेवा बस्तियों की कन्याओं को करवाया भोजन, समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने निभाई सहभागिता
हनुमानगढ़। सेवा भारती समिति हनुमानगढ़ की ओर से दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर दुर्गा मंदिर धर्मशाला में सामाजिक समरसता के उद्देश्य से कन्या पूजन समारोह आयोजित किया गया। सेवा भारती की ओर से प्रतिवर्ष सेवा बस्तियों की कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन करवाया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी 201 कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें भोजन करवाया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और कन्याओं का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
समारोह के माध्यम से समाज में समानता, आपसी सद्भाव और समरसता का संदेश दिया गया। आयोजन में सेवा बस्तियों की कन्याओं को विशेष रूप से आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कन्याओं को देवी स्वरूप मानते हुए उनका तिलक लगाकर पूजन किया और भोजन करवाया। धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक दायित्वों को जोड़ने वाला यह आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में पिरोने का माध्यम बना।
सेवा भारती के सचिव नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि संस्था की ओर से हर वर्ष दुर्गा अष्टमी के अवसर पर सेवा बस्तियों की कन्याओं का पूजन किया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ समाज में सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही समरस और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। सेवा भारती जरूरतमंद और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सेवा कार्यों के माध्यम से निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में इन्द्र हिसारिया, डॉ. निशांत बत्रा, नगर परिषद सभापति मंजू रणवा, उपसभापति सोनू बंसल, लायंस क्लब अध्यक्ष अशोक सुथार,  जिला आयुर्वेद अधिकारी तीर्थ राज शर्मा, सेवा भारती अध्यक्ष ब्रज किशोर तिवाड़ी, कोषाध्यक्ष सुभाष बंसल , सुर्य प्रकाश जोशी, महेंद्र शर्मा, मोहित बलाडिया, भारतेन्दु सेनी,
भरत सिंह, लीलाधर जोशी, सुनिता अग्रवाल, विजय कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने कन्या पूजन में भाग लेकर आयोजन की सराहना की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।