महावीर क्लब ने लगाया निशुल्क स्वास्थ्य जांच व एक्यूप्रेशर शिविर

13

*-5 नवंबर तक सुबह-शाम दो सत्रों में मिलेंगी सेवाएं, आमजन से शिविर का लाभ उठाने की अपील*
हनुमानगढ़। महावीर क्लब हनुमानगढ़ की ओर से महावीर इंटरनेशनल केंद्र में आमजन के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं एक्यूप्रेशर शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी जांच करवाई तथा एक्यूप्रेशर पद्धति के माध्यम से उपचार संबंधी परामर्श प्राप्त किया। शिविर का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है।
महावीर क्लब के अध्यक्ष गौरव जैन ने बताया कि यह शिविर 18 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर में आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुबह और शाम दो सत्र निर्धारित किए गए हैं। सुबह का सत्र 9 से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम का सत्र 4 से रात 8 बजे तक रहेगा। निर्धारित समय के दौरान लोग महावीर इंटरनेशनल केंद्र पहुंचकर निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं एक्यूप्रेशर सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। शिविर में डॉ. रामकुमार अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, खानपान की आदतों और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण अनेक लोग स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से परेशान रहते हैं। ऐसे में समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाना और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना जरूरी है। निशुल्क शिविरों के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने के साथ ही उपचार के विभिन्न विकल्पों के बारे में जानकारी भी मिलती है।
वीरा अध्यक्षा कंचन गुप्ता ने विशेष रूप से महिलाओं से शिविर में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के चलते अक्सर अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पातीं। ऐसे में उन्हें अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए तथा समय-समय पर जांच और उचित चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा एवं एक्यूप्रेशर जैसी पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।