लायंस क्लब हनुमानगढ़ एवं जन सेवा समिति श्रीगंगानगर के संयुक्त तत्वावधान में विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित

25

– 105 रोगियों की हुई नेत्र जांच, लगभग 30 मरीजों में मिला मोतियाबिंद, जन सेवा हॉस्पिटल श्रीगंगानगर में होंगे निःशुल्क ऑपरेशन
हनुमानगढ़। लायंस क्लब हनुमानगढ़ द्वारा जन सेवा समिति श्रीगंगानगर के संयुक्त तत्वावधान में आज हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित नेकी की रसोई में विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दूर-दराज के क्षेत्रों से आंखों की विभिन्न समस्याओं से पीड़ित बड़ी संख्या में रोगी पहुंचे। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा उपलब्ध करवाना तथा आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित मरीजों को राहत प्रदान करना रहा।
शिविर के प्रकल्प प्रभारी लायन सुरेश महिपाल ने बताया कि जन सेवा समिति श्रीगंगानगर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा रोगियों की आंखों की जांच की गई। शहर के जाने-माने नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि त्रेहन ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
लायंस क्लब हनुमानगढ़ के अध्यक्ष लायन अशोक सुथार ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में लगभग 105 रोगियों की नेत्र जांच की गई, जिनमें करीब 30 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए। इन मरीजों के आगामी चरण में जन सेवा हॉस्पिटल, श्रीगंगानगर में निःशुल्क ऑपरेशन करवाए जाएंगे। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल तक आने-जाने के लिए बस द्वारा निःशुल्क परिवहन व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को समय पर उपचार उपलब्ध करवाना ही सेवा संगठनों की सार्थकता है।
इस अवसर पर लायंस क्लब के सचिव लायन नरेश शर्मा ने बताया कि जन सेवा अस्पताल की टीम ने शिविर में अपनी सेवाएं समर्पित भाव से प्रदान कीं। टीम में डॉ. ईशा अरोड़ा, पीआरओ धर्मवीर कूकना, श्री राजेश कुमार सहित अन्य सदस्यों ने रोगियों की विशेष देखभाल की। शिविर में मरीजों की आंखों की जांच के साथ-साथ रक्तचाप एवं शुगर की जांच भी निःशुल्क की गई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।