हनुमानगढ़। जंक्शन की भट्टा कॉलोनी स्थित स्वामी विवेकानंद रंगमंच पर स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति की ओर से आयोजित रामलीला के ग्यारहवें दिन अशोक वाटिका, लंका दहन और सेतु बंधन के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। हनुमान जी की वीरता, रावण की लंका में अशोक वाटिका का दृश्य और समुद्र पर रामसेतु निर्माण के प्रसंगों ने दर्शकों को आकर्षित किया।
कार्यक्रम में हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के कमिश्नर दीपक यादव अपने वॉलिंटियर्स के साथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके साथ अन्य गणमान्य सदस्यों ने भी रामलीला का आनंद लिया।
ग्यारहवें दिन के मंचन में हनुमान जी के लंका पहुंचने, अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट करने तथा रावण की लंका में उत्पात मचाने के प्रसंग प्रस्तुत किए गए। इसके बाद लंका दहन के दृश्य का मंचन हुआ। कलाकारों ने हनुमान जी के साहस और पराक्रम को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। आगे सेतु बंधन के प्रसंग में नल-नील द्वारा समुद्र पर पुल निर्माण की कथा दिखाई गई। इस प्रसंग के माध्यम से सामूहिक प्रयास, विश्वास और दृढ़ संकल्प का संदेश दिया गया।
मंचन में भरत कुमार ने रावण, राहुल वर्मा ने नल, इंद्र कुमार ने नील तथा समिति अध्यक्ष गौरव शर्मा ने हनुमान का किरदार निभाया। दीपांशु वर्मा ने सुग्रीव, पवन बल्ली ने मेघनाथ और विशु ने अक्षय कुमार की भूमिका अदा की। मंच संचालन बलजीत सिंह और अमित तिवारी ने किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































