दुर्गा अष्टमी पर  विश्व हिंदू परिषद की दुर्गा वाहिनी व मातृशक्ति ने निकाला शक्ति पथ संचलन*

34

*-बेटियों और महिलाओं को आत्मरक्षा, महिला सशक्तिकरण व सामाजिक जागरूकता का दिया संदेश*
हनुमानगढ़। दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद, दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति की ओर से शहर में शक्ति पथ संचलन का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में बहनों, मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पथ संचलन के माध्यम से महिलाओं और बेटियों को आत्मरक्षा, आत्मविश्वास तथा महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। संचलन दुर्गा मंदिर से रवाना होकर मुख्य बाजार और रेलवे स्टेशन सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा तथा वापस दुर्गा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में लक्ष्मी स्वामी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि डॉ. ज्योति धींगरा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। सरोज बेनीवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट हेमलता जोशी रहीं। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. निशांत बत्तरा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विभाग मंत्री मोहन ग्रोवर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. निशांत बत्तरा ने बताया कि शक्ति पथ संचलन का मुख्य उद्देश्य शहर की महिलाओं और बेटियों को मां दुर्गा के समान साहसी, आत्मनिर्भर और सशक्त बनने का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि बेटियां और बहनें समाज को सुरक्षा का कवच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। इसके लिए जरूरी है कि महिलाएं आत्मरक्षा के प्रति जागरूक हों और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए स्वयं को सक्षम बनाएं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। बेटियों को इस प्रकार प्रशिक्षित और जागरूक होना चाहिए कि वे किसी भी कठिन परिस्थिति में अपनी सुरक्षा के लिए उचित कदम उठा सकें। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य बताया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।