हनुमानगढ़। पंचायत चुनावों में भादरा और राजपुरा क्षेत्र में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी सीपीआईएम को मिले प्रचंड बहुमत तथा हनुमानगढ़ टाउन और जंक्शन में पार्टी की ओर से चुनाव मैदान में उतारे गए अधिकांश उम्मीदवारों की जीत पर माकपा और सीटू नेताओं ने खुशी जाहिर की है। नेताओं ने चुनाव परिणामों को पार्टी की नीतियों और संघर्षों पर जनता की मुहर बताते हुए इसे भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनादेश करार दिया है।
माकपा नेता रामेश्वर वर्मा ने कहा कि पंचायत चुनावों में पार्टी को जनता का भरपूर समर्थन मिला है। हनुमानगढ़ क्षेत्र में रघुवीर वर्मा और प्रहलाद मरूवा ने बड़ी जीत हासिल कर पार्टी का मान बढ़ाया है। वहीं भादरा और राजपुरा में सीपीआईएम प्रचंड बहुमत के साथ अपना प्रधान बनाने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम पार्टी कार्यकर्ताओं के लंबे संघर्ष, जनहित के मुद्दों पर लगातार सक्रियता और जनता के बीच मजबूत पकड़ का प्रमाण हैं।
रामेश्वर वर्मा ने चुनाव परिणामों को भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश बताते हुए कहा कि यह भाजपा की जनविरोधी नीतियों के अंत का दूसरा चरण है। जनता अब महंगाई, बेरोजगारी और आमजन से जुड़े मुद्दों की अनदेखी करने वाली नीतियों को स्वीकार करने के मूड में नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों की जनता ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि वह जनहित के मुद्दों पर काम करने वाले प्रतिनिधियों को प्राथमिकता देती है।
वहीं सीटू नेता शेर सिंह शाक्य और बसंत सिंह ने भी चुनाव परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता की नाराजगी का अहसास पहले चरण में ही हो गया था, जब नगर परिषद चुनावों में शहर की जनता ने भाजपा को नकार दिया था। हालांकि, उनका आरोप है कि भाजपा ने धक्काशाही और वोट चोरी के जरिए कुछ स्थानों पर बोर्ड बनाने में सफलता हासिल की, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की जनता ने अब उसी कथित वोट चोरी का करारा जवाब दिया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































