1100 कलश यात्रियों में से एक सौभाग्यशाली महिला को भेंट किया चांदी का सिक्का

12
हनुमानगढ़ टाउन। श्री सुंदरकांड मित्र मंडल समिति, हनुमानगढ़ के तत्वावधान में श्री सिद्धेश्वर सुंदरकांड बालाजी धाम, आदर्श कॉलोनी में आयोजित सात दिवसीय दिव्य श्रीराम कथा एवं श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्नता की ओर अग्रसर है।
कथा के दौरान ऋषिकेश से पधारे कथा वाचक पूज्य श्री गोविंद दास जी महाराज ने श्रीराम कथा के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, सेवा एवं भक्ति का संदेश दिया। महाराज श्री ने कहा कि श्रीराम का जीवन प्रत्येक व्यक्ति के लिए आदर्श है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही परिवार, समाज एवं राष्ट्र में संस्कार और सद्भाव स्थापित किए जा सकते हैं।
सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त किया। महालक्ष्मी यज्ञ वैदिक कायाकल्प परिवार के यज्ञाचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक संपन्न करवाया जा रहा है। श्रद्धालु यज्ञ में आहुतियां देकर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना कर रहे हैं।
कथा के पश्चात मंदिर परिसर में सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भाग लेकर हनुमान जी महाराज का गुणगान किया। आयोजन के दौरान प्रतिदिन 108 हनुमान चालीसा एवं संकटमोचन पाठ का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजन के अंतर्गत निकाली गई भव्य 1100 कलश यात्रा में शामिल महिलाओं में से एक सौभाग्यशाली महिला का चयन कर उन्हें चांदी का सिक्का भेंट किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।