जिला कांग्रेस कार्यालय में जश्न, पटाखे फोड़कर और गुलाल लगाकर मनाई जीत की खुशी

15
हनुमानगढ़। जिला परिषद और पंचायत समिति टाउन एवं जंक्शन के चुनाव परिणामों में कांग्रेस को मिले प्रचंड बहुमत के बाद जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में उत्सव का माहौल देखने को मिला। चुनाव परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय में एकत्रित होकर पटाखे फोड़े, एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी और ढोल की थाप पर नाच-गाकर जश्न मनाया। इस दौरान कांग्रेस जिंदाबाद के नारों से कार्यालय परिसर गूंज उठा। चुनाव में पार्टी को मिली सफलता को नेताओं ने जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया।
इस अवसर पर चुनाव प्रभारी एमडी चौपदार ने कहा कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस को मिला प्रचंड बहुमत प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनादेश है। महंगाई, बेरोजगारी और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं की अनदेखी से आमजन परेशान है। जनता ने मतदान के माध्यम से अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कांग्रेस के पक्ष में फैसला दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ा, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।
जिला प्रभारी डॉ. सुनील लारा ने कहा कि कांग्रेस की यह जीत लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित की राजनीति की जीत है। भाजपा ने सत्ता में आने के बाद पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने या कमजोर करने का काम किया। ग्रामीण जनता को रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दों पर अपेक्षित राहत नहीं मिली। मतदाताओं ने इन सभी मुद्दों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस को समर्थन दिया है। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों से जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का आह्वान किया।
जावेद खान ने कहा कि हनुमानगढ़ के ग्रामीण राजनीतिक परिदृश्य में यह परिणाम महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत हैं। पिछले डेढ़ दशक से पंचायतों में कांग्रेस को जिस राजनीतिक चुनौती का सामना करना पड़ रहा था, उसे इस बार जनता के समर्थन ने नई दिशा दी है। यह जीत पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के संघर्ष और मेहनत का परिणाम है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।