कांग्रेस का प्रचंड बहुमत, जीत के जश्न में डूबा हनुमानगढ़, पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार के आवास पर जुटे विजेता प्रत्याशी

19
हनुमानगढ़। जिला परिषद और पंचायत समिति टाउन एवं जंक्शन के आज घोषित चुनाव परिणामों में कांग्रेस को मिले प्रचंड बहुमत के बाद जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। चुनाव परिणामों में कांग्रेस की शानदार सफलता की खुशी शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक दिखाई दी। जीत की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाइयां दीं और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया। कांग्रेस की इस सफलता के बाद पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार के निवास पर विजेता उम्मीदवारों और पार्टी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। यहां पहुंचकर विजयी प्रत्याशियों ने पूर्व मंत्री से मुलाकात की और जीत की खुशी साझा की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनाव परिणामों को जनता के विश्वास और पार्टी की नीतियों की जीत बताया।
पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार ने चुनाव परिणामों पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह जनविरोधी नीतियों की हार है। यह महंगाई की हार है, भ्रष्टाचार की हार है और धक्काशाही एवं वोट चोरी की हार है। उन्होंने कहा कि जनता अब सब कुछ समझ चुकी है। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का काम किया। आमजन को राहत देने वाली योजनाओं को बंद करने और जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी का जवाब मतदाताओं ने अपने वोट से दिया है। जनता ने भाजपा की नीतियों को नकारते हुए कांग्रेस को प्रचंड बहुमत का आशीर्वाद दिया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और इस चुनाव में ग्रामीण मतदाताओं ने अपनी नाराजगी को मतदान के माध्यम से जाहिर किया है। कांग्रेस ने हमेशा आमजन, किसानों, मजदूरों और जरूरतमंद वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी है। यही कारण है कि जनता ने एक बार फिर कांग्रेस के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। जनता ने जिस उम्मीद के साथ उन्हें चुना है, उस पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए काम करना होगा।
पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि भाजपा की महंगाई, वोट चोरी और झूठे एवं खोखले वायदों को जनता पहचान चुकी है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ के राजनीतिक इतिहास में पिछले डेढ़ दशक से कांग्रेस के जिला प्रमुख और प्रधान बनते आ रहे है और इस बार भी जनता ने  अपना आशीर्वाद कांग्रेस को ही  दिया है। यह परिणाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक हैं और आने वाले समय में पार्टी को और मजबूती प्रदान करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।