*- कामगार समाज व एआईबीसीएफ ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन*
हनुमानगढ़। डांगावास हत्याकांड में विशेष एससी-एसटी न्यायालय द्वारा सभी 40 आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी किए जाने के निर्णय के खिलाफ कामगार समाज एवं ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेज फेडरेशन (AIBCF) की ओर से प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले में विधि सम्मत अपील करवाने तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि डांगावास हत्याकांड एक अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील प्रकरण रहा है। भूमि विवाद को लेकर हुई हिंसक घटना में छह लोगों की मौत हुई थी। संगठन ने कहा कि 6 अगस्त 2026 को प्रकाशित समाचार के अनुसार प्रकरण से संबंधित विशेष एससी-एसटी न्यायालय ने सभी 40 आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। निर्णय से मृतकों के परिवारों सहित आमजन में निराशा और न्याय व्यवस्था को लेकर चिंता उत्पन्न हुई है।
ज्ञापन में कहा गया कि न्यायालय के निर्णय की अवमानना करना संगठन का उद्देश्य नहीं है, बल्कि कानून में उपलब्ध अपील के अधिकार का उपयोग करते हुए निष्पक्ष एवं न्यायोचित निर्णय सुनिश्चित करवाना उद्देश्य है। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से मामले की विधिक समीक्षा करवाकर उच्च न्यायालय में उपयुक्त अपील प्रस्तुत करवाने की तत्काल अनुशंसा करने की मांग की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































