– ई-धरती पोर्टल, गिरदावरी भुगतान व नए पटवार मंडलों के गठन सहित पांच प्रमुख मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। राजस्थान पटवार संघ जिला हनुमानगढ़ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ ने प्रमुख शासन सचिव, राजस्व विभाग, राजस्थान सरकार, जयपुर को संबोधित ज्ञापन प्रभारी सचिव के माध्यम से भेजते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
जिला अध्यक्ष अमर सिंह दहिया ने बताया कि पटवार संघ की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन मांगों के संबंध में पूर्व में भी अनेक बार ज्ञापन एवं पत्राचार किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे पटवारी एवं गिरदावर वर्ग में रोष व्याप्त है।
ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग डीसीएस गिरदावरी कार्य के भुगतान को लेकर उठाई गई। संघ का कहना है कि विगत वर्षों में पटवारियों एवं सर्वेयरों द्वारा किए गए डीसीएस गिरदावरी कार्य का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। साथ ही आगामी खरीफ 2083 की गिरदावरी का भुगतान सीधे संबंधित पटवारी एवं सर्वेयर के बैंक खातों में डीडीओ के माध्यम से करने की व्यवस्था लागू की जाए।
संघ ने ई-धरती एवं अपना खाता पोर्टल के सुचारू संचालन की मांग भी प्रमुखता से उठाई। ज्ञापन में बताया गया कि पिछले लगभग दो माह से पोर्टल नियमित रूप से कार्य नहीं कर रहा है, जिसके कारण नामांतरण, सीमा ज्ञान, नकल जारी करने तथा दस्तावेज पंजीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे किसानों और काश्तकारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा राजस्व कर्मचारियों को आमजन के रोष का सामना करना पड़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































