यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई

88

– 50 ऑटो-रिक्शा जब्त, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 13 चालकों सहित 71 वाहनों को किया सीज
हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा के निर्देशानुसार यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 ऑटो एवं रिक्शा सहित कुल 73 वाहनों को सीज किया। कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और व्यस्त मार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेज, नंबर प्लेट, फिटनेस, परमिट तथा चालकों की वैधता की जांच की गई। जांच के दौरान बड़ी संख्या में यातायात नियमों का उल्लंघन सामने आया।
थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि अभियान के दौरान 13 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। ऐसे चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन सीज किए गए। इसके अलावा 8 वाहन बिना नंबर प्लेट, बिना पंजीकरण अथवा आवश्यक दस्तावेजों के सड़क पर संचालित होते पाए गए, उन्हें भी सीज किया।
उन्होंने बताया कि शहर में बढ़ती यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।