हनुमानगढ़। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इंटर कॉलेज वुशू (Wushu) खेल प्रतियोगिता में स्थानीय पुलकीत कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन, हनुमानगढ़ का दबदबा रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय के तीन छात्र-छात्राओं ने स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीतकर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे महाविद्यालय परिवार में जश्न और उत्साह का माहौल है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. चन्द्रा गुरनानी ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के कड़े मुकाबलों में कॉलेज के तीन होनहार खिलाड़ियों ने अपने-अपने भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्वर्ण पदक विजेताओं में बी.ए. सेमेस्टर पंचम की छात्रा दीक्षा (सुपुत्री सोनू कुमार), बी.ए. सेमेस्टर पंचम के छात्र संदीप (सुपुत्र रज्जी राम) तथा बी.ए. सेमेस्टर प्रथम के छात्र कर्मवीर (सुपुत्र पवन कुमार) शामिल हैं।
ऐतिहासिक जीत के बाद आज महाविद्यालय परिसर में विजेताओं के आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष गरिमामयी समारोह में प्राचार्या डॉ. चन्द्रा गुरनानी ने तीनों स्वर्ण पदक विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई करते हुए प्राचार्या ने कहा, “मेहनत और अटूट लगन से हमारे इन सितारों ने आज नया इतिहास रचा है। गोल्ड मेडल जीतकर इन्होंने साबित कर दिया कि खेल के मैदान पर पुलकीत कॉलेज का कोई सानी नहीं है। इस जीत ने पूरे विश्वविद्यालय में हमारे संस्थान का मान बढ़ाया है।” उन्होंने आगे कहा कि कॉलेज प्रशासन पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी विद्यार्थियों को हर संभव वैश्विक स्तर की सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए सदैव तत्पर है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































