– 20 से अधिक उत्पादों की सजी स्टॉलें, अधिकारियों ने ऑनलाइन मार्केटिंग से कारोबार बढ़ाने के दिए सुझाव
हनुमानगढ़। एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हनुमानगढ़ की ओर से आरसेटी बाजार का आयोजन किया गया। इसमें संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके उद्यमियों ने अपने-अपने उत्पादों की आकर्षक स्टॉलें लगाकर हुनर, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता का परिचय दिया। बाजार में आमजन ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षित उद्यमियों के उत्पादों की सराहना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसबीआई ग्रेडिंग प्रभारी विद्याशंकर, एजीएम प्रदीप कुमार एवं एलडीएम सुरेन्द्र सिंह थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरसेटी निदेशक बिधु शंकर ने की। अतिथियों ने बाजार में लगाई गई विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और प्रशिक्षुओं से उनके उत्पादों, निर्माण प्रक्रिया तथा व्यवसाय से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं। इस दौरान आमजन ने भी प्रत्येक स्टॉल पर पहुंचकर प्रशिक्षुओं से संवाद किया और उत्पादों की गुणवत्ता एवं विपणन संभावनाओं के बारे में जानकारी ली।
बाजार में मीनाकारी आइटम, फोटो फ्रेमिंग, चित्रकला, अगरबत्ती निर्माण, सॉफ्ट टॉयज, कैंडल मेकिंग, हैंडीक्राफ्ट, श्रृंगार सामग्री, अचार-पापड़, क्लीनिंग आइटम, इमिटेशन ज्वैलरी सहित 20 से अधिक प्रकार के उत्पादों की स्टॉलें सजाई गईं। आकर्षक एवं उपयोगी उत्पादों ने दर्शकों और अतिथियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। प्रशिक्षुओं ने अपने हुनर के माध्यम से यह साबित किया कि उचित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलने पर स्वरोजगार के क्षेत्र में बेहतर संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































