Odisha Cuttack Hospital Fire: ओडिशा के सरकारी हॉस्पिटल में आग, 10 मरीजों की मौत

66

ओडिशा के कटक स्थित श्रीराम चंद्र भांजा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (odisha cuttack hospital fire) में रविवार देर रात करीब 3 बजे भीषण आग लग गई। इस हादसे में 10 मरीजों की मौत हो गई। इनमें से 7 मरीजों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 3 की मौत इलाज के दौरान हुई।

जानकारी के मुताबिक आग अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित ट्रॉमा केयर यूनिट के ICU में लगी, जहां उस समय करीब 23 मरीज भर्ती थे। मरीजों को बचाने की कोशिश में अस्पताल के कम से कम 11 कर्मचारी झुलस गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

मामले को लेकर एक अधिकारी ने बताया, आग अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू में भड़की थी और देखते ही देखते आग ने बड़ा रूप ले लिया। यहां उन मरीजों का इलाज चल रहा था जिनकी हालत बहुत गंभीर थी। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत अस्पताल पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने अभियान चलाकर आग पर काबू पाया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी सुबह अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही पूरे मामले की हाई-लेवल जांच के आदेश भी दिए हैं।

गौरतलब है कि श्रीराम चंद्र भांजा मेडिकल कॉलेज (SCB) कटक का सबसे बड़ा अस्पताल है, जहां ओडिशा के विभिन्न हिस्सों से मरीज इलाज के लिए आते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।