सेवा पखवाड़े के तहत युवा सांसद खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित

130

– राजीव गांधी स्टेडियम में वॉलीबॉल मुकाबलों में दिखा खिलाड़ियों का उत्साह
हनुमानगढ़। 
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार को राजीव गांधी स्टेडियम हनुमानगढ़ में युवा सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर खेल प्रतिभाओं ने न केवल अपनी क्षमता का परिचय दिया बल्कि खेल के मैदान में अनुशासन, उत्साह और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन भी किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद देलू, भाजपा नेता अमित चौधरी, सेवा पखवाड़ा जिला संयोजक व जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी तथा जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं है बल्कि यह जीवन में अनुशासन, मेहनत और टीम भावना को विकसित करने का सशक्त जरिया है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जिले की प्रतिभाएं प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाएंगी।
खेलकूद प्रतियोगिता के तहत वॉलीबॉल मुकाबलों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र एवं छात्रा वर्ग की अनेक टीमों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। दर्शक दीर्घा में उपस्थित अभिभावक और खेलप्रेमी युवाओं की हौसलाअफजाई करते नजर आए। हर अंक पर खिलाड़ियों का जोश देखने लायक था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।