दांडी मार्च की स्मृति में हनुमानगढ़ में निकली विशाल शांति पदयात्रा, संगोष्ठी में गूंजे

32

– सैकड़ों गांधीवादी विचारकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी, सत्य-अहिंसा के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ऐतिहासिक दाड़ी मार्च की स्मृति में गुरुवार को महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के तत्वावधान में हनुमानगढ़ में भव्य शांति पदयात्रा, संगोष्ठी एवं सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर में स्थित गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में गांधीवादी विचारकों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा गांधी दर्शन से जुड़े विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण गांधीवादी नारों और देशभक्ति के उत्साह से सराबोर रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात गांधी प्रतिमा स्थल से विशाल पदयात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पदयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान उपस्थित लोगों ने “गांधी जी अमर रहें”, “सत्य और अहिंसा अमर रहें”, “गांधी जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाओ” जैसे नारों के साथ गांधीवादी विचारों का संदेश दिया। पदयात्रा के दौरान लोगों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर गांधी जी के विचारों को समाज तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।
पदयात्रा के पश्चात आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने गांधी जी के जीवन दर्शन, उनके सिद्धांतों तथा दांडी मार्च के ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि दांडी मार्च केवल नमक कानून के विरोध का आंदोलन नहीं था, बल्कि यह अन्याय और अत्याचार के खिलाफ सत्य और अहिंसा की ऐतिहासिक मिसाल था, जिसने पूरे देश में स्वतंत्रता की चेतना को जागृत किया।
इस अवसर पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला सह-संयोजक तरुण विजय ने कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और नैतिकता के आधार पर स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व किया और पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष अहिंसा के मार्ग से भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने के लिए गांधीवादी विचारधारा को अपनाना अत्यंत आवश्यक है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।