शहरी सेवा शिविर में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई व बच्चों का अन्नप्राशन

165

-महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक ने मातृ वंदना योजना की दी जानकारी
हनुमानगढ़।
 राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे शहरी सेवा शिविर के दौरान सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोद भराई की रस्म संपन्न की गई तथा छह माह तक के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार करवाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक श्रीमती सुनीता शर्मा ने किया। उनके साथ सहायक नगर नियोजक निखिल नेहरा तथा अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी मदन सुखीजा भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपनिदेशक श्रीमती सुनीता शर्मा ने महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को आर्थिक सहयोग प्रदान कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण एवं उचित देखभाल से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान महिला पर्यवेक्षक संतोष खीचड़ ने महिलाओं को दैनिक भोजन में मोटे अनाज शामिल करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि ज्वार, बाजरा, रागी जैसे मोटे अनाज पोषण से भरपूर होते हैं और शरीर को मजबूत बनाते हैं। नियमित रूप से इनके सेवन से गर्भवती महिलाओं और बच्चों की सेहत में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
शिविर में उपस्थित गर्भवती महिलाओं ने गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होकर खुशी जाहिर की और बच्चों के अन्नप्राशन में आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन स्थल पर वातावरण उत्साह और उमंग से भरा रहा। महिलाओं ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन न केवल परंपराओं को जीवंत करते हैं बल्कि सरकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुँचाते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।