– आपातकाल के इतिहास व अत्याचारों को लेकर जागरूकता फैलाने का उद्देश्य
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी की ओर से 29 जून को मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। इस आयोजन को लेकर गुरुवार को जंक्शन में भाजपा संभाग सह-संयोजक अनुराग बराड़ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मॉक पार्लियामेंट की रूपरेखा, प्रतिभागियों की तैयारी और आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री व मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम के जिला संयोजक अपारजोत बराड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन से एक दिन पूर्व, 28 जून को भाजपा जिला कार्यालय में इसकी पूर्व तैयारी और प्रतिभागियों की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला में युवाओं को संसद की प्रक्रिया, विपक्ष और सत्ता पक्ष की भूमिका, तथा आपातकाल के दौरान हुई ऐतिहासिक घटनाओं की जानकारी दी जाएगी, जिससे वे मॉक पार्लियामेंट में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
इस कार्यक्रम के संभाग संयोजक मन्नत अरोड़ा ने बताया कि मॉक पार्लियामेंट का मुख्य उद्देश्य 25 जून 1975 को लागू किए गए आपातकाल की वास्तविकता को आमजन के सामने लाना है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को यह जानना आवश्यक है कि आपातकाल के समय किस प्रकार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता छीनी गई, लोकतंत्र का गला घोंटा गया और आम नागरिकों पर अमानवीय अत्याचार किए गए। यह कार्यक्रम एक मंच प्रदान करेगा, जहां युवा इस काले अध्याय पर चर्चा कर सकेंगे और लोकतंत्र की महत्ता को समझ सकेंगे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































