रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन

26

– सिर पर सिलेंडर रखकर पहुंचे कलेक्ट्रेट, चूल्हे पर रोटियां बनाकर जताया विरोध
हनुमानगढ़।
 रसोई गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया। कांग्रेस कार्यकर्ता सिर पर गैस सिलेंडर रखकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर सिलेंडर को माला पहनाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लकड़ी जलाकर चूल्हे पर रोटियां बनाईं और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस से मामूली हाथापाई भी हुई, और कलेक्ट्रेट के बीच से रोष मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट तक पहुंचा, जिसके बाद शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आमजन का जीवन कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के घर की रसोई चूल्हे से शुरू होती है और महंगाई का सबसे अधिक असर इसी पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में घरेलू गैस सिलेंडर करीब 400 रुपये में उपलब्ध था, जबकि आज भाजपा के शासन में इसकी कीमत लगभग 1200 रुपये के करीब पहुंचने वाली है, जिससे आम परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
मनीष मक्कासर ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आमजन की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस के साथ-साथ पेट्रोल, डीजल और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी के लिए घर का बजट संभालना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों का फायदा बड़े कॉर्पाेरेट घरानों को पहुंचाया जा रहा है, जबकि आम जनता को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पहले उज्ज्वला योजना के नाम पर लोगों को मुफ्त गैस कनेक्शन देने का प्रचार किया, लेकिन अब सिलेंडर की कीमतें इतनी बढ़ा दी गई हैं कि गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए गैस भरवाना मुश्किल हो गया है। मजबूरी में कई परिवारों को फिर से लकड़ी या पारंपरिक चूल्हों का सहारा लेना पड़ रहा है, जो महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है।
मनीष मक्कासर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छवि बनाने में व्यस्त हैं, जबकि देश के आम नागरिक महंगाई से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आमजन की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय बड़े उद्योगपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।