सहजीपुरा में मनरेगा कार्य शुरू कराने की माँग को लेकर प्रदर्शन

194

– तीन घंटे तक चला धरना, सीईओ को सौंपा ज्ञापन, कल से काम शुरू होने का आश्वासन
हनुमानगढ़। 
ग्राम पंचायत सहजीपुरा में बंद पड़े मनरेगा कार्य को शुरू कराने की माँग को लेकर गुरुवार को अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में श्रमिकों ने जिला परिषद कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद यूनियन प्रतिनिधियों ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन करीब तीन घंटे तक चला। इसके बाद सीईओ ने पंचायत समिति विकास अधिकारी (BDO) को मौके पर बुलाया और समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई की। प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया गया कि सहजीपुरा ग्राम पंचायत में शुक्रवार से मनरेगा कार्य शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही मेटों के भुगतान की प्रक्रिया भी आगामी दो दिनों में पूर्ण कर दी जाएगी।
ज्ञापन में बताया गया कि सहजीपुरा में फरवरी 2025 से मनरेगा कार्य पूरी तरह बंद पड़ा है, जिससे लगभग 2500 जॉब कार्डधारक श्रमिक बेरोजगार हो चुके हैं। मनरेगा मेटों और श्रमिकों द्वारा बार-बार काम की माँग किए जाने के बावजूद ग्राम पंचायत और प्रशासन ने कोई सुनवाई नहीं की। इससे श्रमिकों में आक्रोश व्याप्त है। यूनियन का कहना है कि छह महीने से काम बंद होने से ग्रामीणों के सामने रोज़गार और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन ने माँग की कि आगामी 6 अगस्त से शुरू हो रहे मनरेगा पखवाड़े के तहत सहजीपुरा में व्यापक स्तर पर कार्य प्रारंभ किया जाए ताकि सभी श्रमिकों को नियमित रूप से रोजगार मिल सके। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि आश्वासन के अनुरूप कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
धरने और ज्ञापन सौंपने के दौरान यूनियन के रघुवीर वर्मा, विनोद वर्मा, राजेंद्र रंधावा, जीत सिंह, वेद मक्कार, मुख्तियार सिंह, बलदेव सिंह, सुखदेव सिंह, गुरतेज सिंह, विमला देवी, राजो देवी, सरोज, सरबीत, मोहरा, ओमप्रकाश, साधु सिंह और गुड्डी देवी सहित बड़ी संख्या में मनरेगा श्रमिक और ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने एक स्वर में कहा कि सरकार को जनकल्याणकारी योजनाओं को कागजों से निकालकर ज़मीनी स्तर पर लागू करना चाहिए।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।