बारिश के पानी में डूबा जिला मुख्यालय, कलक्ट्रेट गेट पर शहरवासियों का जल-जमाव में अनोखा विरोध

166

– “मिनी चंडीगढ़” का सपना बना जलभराव की हकीकत, मनीष मक्कासर के नेतृत्व में प्रशासन के खिलाफ फूटा आक्रोश
हनुमानगढ़। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद जिला मुख्यालय एक बार फिर जलभराव की गंभीर समस्या से जूझता नजर आया। पूरे दिन भर जल निकासी न होने से परेशान नागरिकों ने जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर के नेतृत्व में जिला कलक्ट्रेट के समक्ष बारिश के पानी में बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जलजमाव की स्थिति पर चिंता जताई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रशासन केवल कागज़ों में मुस्तैद है, जबकि जमीनी हालात बिल्कुल विपरीत हैं। मनीष मक्कासर ने बताया कि कुछ दिन पूर्व केवल दो घंटे की बारिश के बाद कलक्ट्रेट के बाहर की सड़कें तीन दिन तक पानी से लबालब भरी रहीं। यहां तक कि आसपास की दुकानों और मकानों में पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों और आमजन को भारी नुकसान उठाना पड़ा। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
मक्कासर ने आरोप लगाया कि जिला कलेक्टर आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा, “जिस प्रशासन से अपने घर का पानी तक नहीं निकाला जा सका, वह पूरे शहर से पानी कैसे निकालेंगे?” उन्होंने सरकार और प्रशासन को नाकारा बताते हुए कहा कि “मिनी चंडीगढ़” के नाम पर जनता को गुमराह किया गया है, लेकिन हकीकत यह है कि कलक्ट्रेट परिसर में आने वाले परिवादियों को चंडीगढ़ की झील की सैर जैसे दृश्य देखने को मिल रहे हैं।
शहरवासियों ने यह भी कहा कि नगर परिषद का अमला नियमित सफाई और नालों की समय पर सफाई नहीं करता, जिसके चलते बारिश होते ही जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन जाती है। स्थानीय व्यापारी वर्ग और रहवासियों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल निकासी की ठोस व्यवस्था नहीं की गई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही नहीं हुई तो शहरवासी उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर ख़ुशी अमलानी, बंशी खन्ना, विकाश रंगेरा, रेवंत राम, नरेश कार्याणी,रामू धोलीपाल सहित अन्य शहरवासी मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।