सीसीएम ग्राउंड में डबल विकेट क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

24

– 128 खिलाड़ियों ने लिया भाग, नशे से दूर रखने में खेलों की भूमिका पर दिया जोर
हनुमानगढ़। 
राजस्थान स्पोर्ट्स क्लब द्वारा एक दिवसीय डबल विकेट क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को सीसीएम ग्राउंड में उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में जिले भर से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता कवीन्द्र सिंह शेखावत, शराफत अली नानू तथा एडवोकेट अरुण शर्मा कोटू रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मैनेजिंग डायरेक्टर मनप्रीत सिंह ने की। प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर तथा पहली गेंद खेलकर किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
आयोजन समिति के सदस्य अशोक खींची ने बताया कि इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 128 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ मैच खेले, जिससे प्रतियोगिता का माहौल रोमांचक बना रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में युवाओं में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। अतिथियों ने राजस्थान स्पोर्ट्स द्वारा इस प्रकार के आयोजन को सराहनीय बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन करते रहने की आवश्यकता जताई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।