हनुमानगढ़। गांव ढालिया के किसानों ने भारतमाला परियोजना के तहत बने हाईवे के कारण बरसात के दिनों में हो रही फसल बर्बादी को लेकर प्रशासन से गुहार लगाई है। किसानों का कहना है कि हाईवे निर्माण के बाद से खेतों में बरसाती पानी का बहाव रुक गया है, जिससे पानी खेतों में भर जाता है और फसलें खराब हो जाती हैं। लगातार कई वर्षों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। किसानों ने बताया कि भारतमाला रोड गांव के खेतों के समानांतर ऊंचाई पर बनी है, जिसके कारण बरसात का पानी ढलान की ओर खेतों में भर जाता है। पानी निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के चलते खरीफ की फसलें पूरी तरह खराब हो जाती हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर शनिवार को किसानों ने एक ज्ञापन स्थानीय विधायक को सौंपा और विधानसभा में उनकी आवाज उठाने का निवेदन किया। किसानों ने कहा कि हाईवे की ऊँचाई अधिक होने से बरसाती पानी उनके खेतों में भर जाता है और फसलें पूरी तरह खराब हो जाती हैं।
गांव ढालिया के मुराद खां, शम्मू खां, गुरजेंट सिंह, आत्मा सिंह, जाकिर खां, नूरअहमद सहित ढालिया एजुकेशन अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि हाईवे निर्माण में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। इसके चलते जब भी तेज बारिश होती है, पानी बहकर खेतों में भर जाता है और कई एकड़ की फसलें बर्बाद हो जाती हैं।
किसानों ने विधायक को ज्ञापन देकर आग्रह किया कि इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाए और भारतमाला परियोजना के तहत बनी सड़क के किनारे उचित ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया जाए, जिससे पानी का निकास सुचारु रूप से हो सके।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































