हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य जूडो संघ की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को हनुमानगढ़ जंक्शन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश सचिव उमेद सिंह ने की। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह कुंतल के निर्देशानुसार हनुमानगढ़ जिले की नई जूडो टीम का गठन किया गया, जिसमें विभिन्न पदों पर कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्ति की गई।
गठित टीम में सुनील कुमार बागड़िया (संगरिया) को हनुमानगढ़ का जिला अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं अर्शदीप दंदीवाल और तरुण विजय को उपाध्यक्ष, समुद्र देव को सचिव, कुंदन सिंह एवं सुशील भादू नगराना को संयुक्त सचिव, विनोद कड़वासरा को कोषाध्यक्ष तथा पवन जांगिड़ को कार्यकारी सदस्य नियुक्त किया गया।
बैठक में नियुक्त सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सचिव उमेद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हनुमानगढ़ जिले में जूडो जैसे मार्शल आर्ट खेल के प्रचार-प्रसार और युवा खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने के लिए यह कार्यकारिणी अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने नई टीम को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग और सक्रिय रहने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष बनाए गए सुनील बागड़िया ने कहा कि वे जिले में जूडो खेल को गांव-ढाणी तक ले जाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के युवाओं में अपार प्रतिभा है, बस उन्हें सही दिशा और प्रशिक्षण की आवश्यकता है। आने वाले समय में हनुमानगढ़ को राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए पूरी टीम समर्पित भाव से कार्य करेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और खेल प्रेमियों ने भी नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि यह टीम जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करेगी। इस अवसर पर जूडो कोच, खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































