धान, मूंग, बाजरा व नरमा की सरकारी खरीद को लेकर किसानों ने जिला कलेक्टर से की वार्ता

252

– किसानों ने उर्वरक-कीटनाशक जांच प्रयोगशाला की स्थापना की उठाई मांग, चेताया—मिले ठोस आश्वासन, वरना आर-पार की लड़ाई
हनुमानगढ़।
 जिला कलेक्टर के बुलावे पर मंगलवार को जिलेभर के किसान प्रतिनिधि कलेक्ट्रेट पहुंचे और करीब एक घंटे तक जिला कलेक्टर के साथ विभिन्न कृषि मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस बैठक में धान, मूंग, मूंगफली, बाजरा और नरमा की सरकारी खरीद, यूरिया व डीएपी की उपलब्धता, टैगिंग व्यवस्था और कीटनाशकों की गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला की स्थापना जैसे विषय प्रमुख रूप से उठाए गए।
किसानों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हनुमानगढ़ जिले में उर्वरक और कीटनाशकों की गुणवत्ता को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन इनकी जांच के लिए स्थानीय स्तर पर कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है। उन्होंने मांग की कि जिला मुख्यालय पर जांच प्रयोगशाला की स्थापना की जाए, जिसके लिए बिल्डिंग और अन्य व्यवस्थाएं पहले से उपलब्ध हैं। इससे किसानों को समय पर और सटीक रिपोर्ट मिलने में मदद मिलेगी। बैठक में रामेश्वर वर्मा और रेशम सिंह मानुंका ने कहा कि पिछले वर्ष किसानों ने 18 दिन तक धरना दिया था, जिसके बाद एडीएम हनुमानगढ़ के नेतृत्व में किसानों की सचिवालय स्तर पर बैठक हुई थी। उस बैठक में तय हुआ था कि हर वर्ष सरकारी खरीद का कैलेंडर जारी किया जाएगा, मूंग की खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होगी और उसके अगले वर्ष से 15 सितंबर से शुरू कर दी जाएगी। हालांकि, आज की बैठक में एडीएम ने इन बिंदुओं पर हामी भरी, लेकिन धरातल पर अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। किसानों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार केवल बैठकों और फोटो खिंचवाने तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर किसानों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोसी राज्यों में किसानों को राहत दी जा रही है, वहीं हनुमानगढ़ के किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
जिला कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक के अंत में किसानों ने चेतावनी दी कि यदि अगस्त के अंतिम सप्ताह तक खरीद संबंधी कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ, तो जिलेभर के किसान बैठक बुलाकर आर-पार की लड़ाई का निर्णय लेंगे। इस अवसर पर रविंद्र सिंह, सुभाष मक्कासर, लखवीर सिंह, रघुवीर वर्मा, सचिन कौशिक, शेर सिंह शाक्य, गुरप्यार सिंह, जाकिर हुसैन, आत्मा सिंह, गुरराज सिंह, तरसेम सिंह, बलजिंदर सिंह, जगजीत सिंह सहित करीब दो दर्जन किसान उपस्थित रहे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।