सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य समापन

120

-कृष्ण-सुदामा कथा, हवन-यज्ञ व विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
हनुमानगढ़।
 श्री बालाजी मंदिर सहजीपुरा की ओर से गांव में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का समापन शनिवार को श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ किया गया। कथा समापन अवसर पर हवन-यज्ञ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
समापन दिवस पर कथावाचक रामस्वरूप दास जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा की मार्मिक कथा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने अपने प्रवचन में बताया कि सच्ची मित्रता, विनम्रता और निष्काम भक्ति के बल पर जीवन में असंभव भी संभव हो जाता है। कृष्ण-सुदामा की कथा सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कथा के उपरांत विधिवत हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। हवन यज्ञ में सभी यजमानों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन कुंड में पूर्णाहुति अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
हवन यज्ञ के पश्चात भगवान बालाजी को 21 मण चूरमे का भोग अर्पित किया गया, जिसे बाद में श्रद्धालुओं में प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया। इसके साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था में ग्रामीणों एवं मंदिर समिति के सदस्यों ने सेवाभाव से सहयोग किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा गांव धार्मिक वातावरण में सराबोर नजर आया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने कथा आयोजन की सराहना करते हुए इसे आध्यात्मिक शांति प्रदान करने वाला बताया। समापन अवसर पर मंदिर समिति एवं आयोजकों ने कथा व यज्ञ को सफल बनाने में इंद्राज चोटिया, देवीलाल बाना, साहबराम चोटिया, जगदीश चाहर, भागीरथ श्योराण, विनोद चोटिया, विजयपाल चोटिया, प्रेम चोटिया, तेजपाल चोटिया, राजू चोटिया एवं गिरधारीलाल बाजिया का विशेष सहयोग रहा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।