– एक नूर खालसा फौज ने भगत सिंह चौक पर 101 किलो लड्डू बांटे, जिला कलेक्टर को सौंपा बधाई संदेश
हनुमानगढ़। सिक्ख समुदाय की धार्मिक भावनाओं और संविधान में निहित अधिकारों के सम्मान में हरियाणा सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक एलान पर हनुमानगढ़ में हर्ष और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। एक नूर खालसा फौज, राजस्थान इकाई हनुमानगढ़ की ओर से इस निर्णय का जोरदार स्वागत करते हुए जंक्शन स्थित भगत सिंह चौक पर 101 किलो लड्डुओं का वितरण कर आमजन के साथ खुशियां साझा की गईं।
संगठन ने हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा 24 जनवरी को किए गए उस निर्णय की भूरी-भूरी प्रशंसा की, जिसमें लगभग 70 वर्षों बाद संविधान में अंकित सिक्ख भावनाओं को सम्मान देते हुए प्रशासनिक स्तर पर स्पष्ट निर्देश जारी किए गए। मुख्यमंत्री के आदेशानुसार हरियाणा में किसी भी सिक्ख की वेशभूषा, धार्मिक प्रतीकों एवं भावनाओं पर कोई टिप्पणी नहीं की जाएगी। साथ ही केंद्र एवं राज्य स्तरीय परीक्षाओं में सिक्ख मर्यादाओं के अनुरूप किसी भी स्वरूप में परीक्षा केंद्र पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को, निर्धारित मानकों के अनुसार कृपाण (9 इंच), कड़ा सहित सभी ककारों के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। आदेशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
एक नूर खालसा फौज के प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप सिंघ हनुमानगढ़ ने कहा कि यह निर्णय न केवल सिक्ख समुदाय के आत्मसम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता का संरक्षण करता है, बल्कि देश की संवैधानिक मूल भावना को भी सशक्त करता है। संगठन का मानना है कि मुख्यमंत्री का यह कदम ऐतिहासिक है और इससे अन्य राज्य भी प्रेरित होकर इसी प्रकार के निर्णय लागू करेंगे। इससे देशभर में आपसी भाईचारा, समानता और धार्मिक सहिष्णुता को मजबूती मिलेगी।
लड्डू वितरण कार्यक्रम के पश्चात संगठन के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ से भेंट कर हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम एक बधाई संदेश सौंपा , शॉल व राजस्थान की प्रसिद्ध मिठाई हरियाणा सीएम के लिये भेजी तथा क्लेक्टर को मिठाई खिलाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मुख्यमंत्री के प्रति कोटि-कोटि आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस फैसले से सिक्ख समाज स्वयं को सम्मानित और सुरक्षित महसूस कर रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































