-जांच कर ठेकेदार की रॉयल्टी निरस्त करने की मांग, कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। भारत की जनवादी नौजवान सभा, जिला कमेटी हनुमानगढ़ ने बीकानेर से हनुमानगढ़ तक चल रहे अवैध बजरी खनन, ओवरलोड वाहनों और रॉयल्टी में की जा रही अनियमितताओं के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। संगठन की ओर से जिला कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भेजा गया, जिसमें रॉयल्टी ठेकेदार देवदशरथ फर्म द्वारा की जा रही अवैध वसूली और प्रशासनिक मिलीभगत की गंभीर शिकायतें दर्ज की गई हैं।
जिला सचिव वेद मक्कासर ने बताया कि बीकानेर क्षेत्र में देवदशरथ फर्म को बजरी व अन्य खनिजों की रॉयल्टी का ठेका मिला हुआ है, लेकिन यह फर्म नियमों को ताक पर रखकर सीलिका शेड के नाम पर बजरी का अवैध खनन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाहन चालकों से दुगनी दरों पर रॉयल्टी वसूल की जाती है और ओवरलोड वाहनों में खुलेआम 110 टन तक बजरी भरी जा रही है, जबकि नियमों के अनुसार अंडरलोड वाहनों को ही अनुमति दी जाती है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि इस अवैध खनन और ओवरलोडिंग से सरकार को प्रतिदिन करीब 35 लाख रुपये की राजस्व हानि हो रही है। वहीं, भारतमाला राजमार्ग पर कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, वीडियो रिकॉर्डिंग सहित तमाम सबूत भी संगठन के पास मौजूद हैं, जो इन आरोपों की पुष्टि करते हैं। जनवादी नौजवान सभा ने यह आरोप भी लगाया कि पुलिस, खनिज विभाग, परिवहन विभाग और प्रशासन के संबंधित अधिकारी इस गोरखधंधे में शामिल हैं या फिर जानबूझकर आंख मूंदे हुए हैं। ओवरलोड वाहन पुलिस थानों के सामने से गुजरते हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जाती। संगठन ने मांग की है कि गुप्त रूप से बाहर की जांच टीम द्वारा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और दोषी रॉयल्टी ठेकेदार का ठेका तत्काल निरस्त किया जाए। साथ ही, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई हो। जनवादी नौजवान सभा ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाया गया, तो प्रदेशभर में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































