कायाकल्प योग समिति ने सेन्ट्रल पार्क में मनाई गुरु पूर्णिमा

185

-नियमित योग करने वाली महिलाओं ने गुरू के प्रति जताई कृतज्ञता
हनुमानगढ़। सेन्ट्रल पार्क में कायाकल्प योग समिति के तत्वावधान में नियमित योगाभ्यास करने वाली महिलाओं ने गुरुवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरू परंपरा के महत्व को समझना और योग साधना के माध्यम से निरोग जीवन की ओर अग्रसर होना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत योगाचार्य अंचला के नेतृत्व में सामूहिक योग अभ्यास से हुई। इसके बाद उपस्थित महिलाओं ने फूल अर्पित कर गुरुओं को नमन किया और उनकी वंदना की। कार्यक्रम में विशेष रूप से गुरु की महिमा, उनके मार्गदर्शन की आवश्यकता और जीवन में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
योगाचार्य अंचला ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु का स्थान हमारे जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। गुरु न केवल हमें ज्ञान का प्रकाश प्रदान करते हैं, बल्कि जीवन में आने वाली कठिनाइयों से उबरने की प्रेरणा और शक्ति भी देते हैं। उन्होंने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग जितना जरूरी है, वैसे ही आत्मा को उन्नत करने के लिए गुरु का मार्गदर्शन आवश्यक है।
उन्होंने यह भी बताया कि कायाकल्प योग समिति नारी सशक्तिकरण और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। समिति की महिलाएं प्रतिदिन प्रातः सेन्ट्रल पार्क में एकत्र होकर नियमित योग अभ्यास करती हैं, जिससे उन्हें शारीरिक और मानसिक लाभ प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम में सभी महिलाओं ने मिलकर गुरु वंदना की और गुरुओं के आशीर्वाद से आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।