राजस्थान की राजधानी जयपुर (Jaipur School) में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब विद्याधर नगर स्थित एमजीपीएस स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी स्कूल प्रशासन को ईमेल के ज़रिए भेजी गई, जिसमें दावा किया गया कि स्कूल परिसर में बम रखा गया है।
धमकी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद विद्याधर नगर थाने की टीम, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर स्कूल को खाली करवाया गया और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस बीच इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अभिभावकों में भी चिंता की लहर दौड़ गई।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने स्कूल परिसर में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। शुरुआती जांच में अभी तक किसी तरह का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। अधिकारियों का कहना है कि ईमेल की सत्यता की जांच की जा रही है और ईमेल भेजने वाले का IP ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब किसी स्कूल को इस तरह की धमकी मिली हो। बीते एक साल में देशभर में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता सहित कई शहरों के बड़े स्कूलों को भी इसी तरह के ईमेल धमकी मिल चुके हैं, जिनमें ज़्यादातर फर्जी निकले थे। हालांकि हर बार सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से लेती हैं क्योंकि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है।
ये भी पढ़ें: Monsoon Parliament Session: PM बोले भारत बदल रहा, विपक्ष बोला-जवाब दो, ऑपरेशन सिंदूर पर गरमाई संसद
ध्यान देने वाली बात यह है कि देश में इस तरह के ईमेल धमकियों में पिछले कुछ समय से अचानक वृद्धि देखी जा रही है, जो या तो साइबर शरारत होती है या मानसिक अस्थिरता से ग्रस्त लोगों की करतूत। लेकिन कभी-कभी इसका इस्तेमाल साइबर टेररिज्म या किसी बड़े हमले से ध्यान भटकाने के लिए भी किया जाता है। फिलहाल जयपुर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और साइबर क्राइम यूनिट को जांच सौंप दी गई है। स्कूल में सर्च ऑपरेशन खत्म होने के बाद छात्रों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

लगातार जारी है झूठी धमकियों का सिलसिला
इससे पहले जयपुर के सेशन कोर्ट और एयरपोर्ट को भी उड़ाने की धमकी मिली थी, जो झूठी साबित हुई। ऐसा ही मेल राजधानी के ईएसआई हॉस्पिटल को भेजा गया था। अस्पताल प्रशासन को अजमल कसाब के नाम से मेल भेजा गया था। हालांकि हर बार यह महज अफवाह साबित हुई। जयपुर में एयर इंडिया के विमानों को बम से उड़ाने की भी धमकी मिली थी।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































