– मंदिर मार्ग अतिक्रमण मुक्त करने, सफाई-लाइट व्यवस्था व साइन बोर्ड लगाने की मांग, पराली प्रबंधन योजना में हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर को शामिल करने का भी आग्रह
हनुमानगढ़। मां भद्रकाली मंदिर में चैत्र मास नवरात्रा मेले की व्यवस्थाओं को लेकर मां भद्रकाली क्षेत्र विकास सेवा समिति (रजि.) ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है। समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा, मंदिर परिसर की साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला कलेक्टर से आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।
समिति अध्यक्ष भगवान सिंह खुड़ी ने बताया कि हर वर्ष चैत्र मास नवरात्रा के अवसर पर मां भद्रकाली मंदिर में विशाल मेला आयोजित होता है, जिसमें हनुमानगढ़ सहित आसपास के जिलों और अन्य राज्यों से हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु टाउन व जंक्शन क्षेत्र से पैदल यात्रा कर मंदिर तक पहुंचते हैं। समिति द्वारा प्रतिवर्ष पैदल यात्रियों के लिए अन्य सेवाओं की व्यवस्था भी की जाती है। इसी क्रम में इस वर्ष भी मेले के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को ज्ञापन दिया गया है।
ज्ञापन में बताया गया कि मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री योजना के अंतर्गत बने शौचालयों का समुचित प्रबंधन किया जाए तथा श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर को प्रतिदिन व्यवस्थित तरीके से खोला जाए। इसके साथ ही हनुमानगढ़ टाउन व जंक्शन से मंदिर की ओर जाने वाले तिराहे से लेकर मंदिर तक सड़क मार्ग को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम हो सके।
समिति ने मांग की है कि टाउन मंदिर रोड पर अन्नपूर्णा वेयर हाउस गोदाम से भारतामाला मार्ग तक नगरपरिषद से उचित लाइट व्यवस्था नियमित रूप से की जाए, जिससे सुबह-सुबह पैदल आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही मंदिर परिसर और मंदिर मार्ग पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग रखी गई है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि टाउन व जंक्शन से मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर देवस्थान विभाग की ओर से मां भद्रकाली के ऐतिहासिक मंदिर के बड़े एवं स्पष्ट साइन बोर्ड लगाए जाएं। इसके अतिरिक्त भारतमाला मार्ग, जो मंदिर से लगभग 500 मीटर की दूरी से गुजरता है, वहां भी मंदिर का संकेत बोर्ड लगाया जाए। इससे अमृतसर से जामनगर की ओर जाने वाले यात्रियों को इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल की जानकारी मिलेगी और हनुमानगढ़ का यह मंदिर पर्यटन के दृष्टिकोण से भी अधिक प्रसिद्ध हो सकेगा।
समिति ने यह भी उल्लेख किया कि टाउन से मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण के दौरान छायादार पेड़ काट दिए गए थे, इसलिए इस मार्ग पर पुनः छायादार पौधों का वृक्षारोपण करवाया जाए ताकि गर्मी के मौसम में पैदल यात्रियों को छाया मिल सके। साथ ही मेले से पूर्व टाउन से मंदिर तक निर्माणाधीन सड़क कार्य को पूर्ण कराने के लिए प्रशासन से मॉनिटरिंग बढ़ाने की मांग भी की गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































