-भारतमाला रोड पर 30 ट्री गार्ड सहित बरगद, पीपल व नीम के पौधे लगाए
हनुमानगढ़। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मानव उत्थान सेवा समिति के सदस्यों द्वारा रविवार को कोहला से भारतमाला मार्ग पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान समिति के कार्यकर्ताओं ने लगभग 30 ट्री गार्ड सहित बरगद, पीपल और नीम के पौधे रोपे। आयोजन में सभी सदस्यों ने प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लिया और स्थानीय लोगों को भी पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान मनोज त्यागी, संतोष तिवाड़ी, लोकराज शर्मा, अध्यक्ष लादु सिंह भाटी, राजेंद्र सिंह सैंगर, राजाराम बिश्नोई और रमेश शाक्य सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से पौधे लगाए और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए ट्री गार्ड भी लगाए गए ताकि पौधे संरक्षित रह सकें और जल्द विकसित हो सकें।
समिति अध्यक्ष लादु सिंह भाटी ने बताया कि मानव उत्थान सेवा समिति के सदस्य निस्वार्थ भाव से पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के कार्यों में लगे हुए हैं। उनका कहना था कि “हर व्यक्ति को अपने जीवन के खुशी के पलों को यादगार बनाने के लिए एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।” उन्होंने कहा कि पौधारोपण न केवल पर्यावरण के लिए आवश्यक है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन का आधार है।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाएगी। समिति ने लोगों से अपील की कि वे भी अपने घरों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाकर हरियाली अभियान में भागीदारी निभाएं। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने कहा कि हर व्यक्ति अगर वर्ष में कम से कम एक पौधा भी लगाए और उसकी देखरेख करे, तो धरती को फिर से हरी-भरी बनाया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































