-अमित चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर लिया आशीर्वाद
हनुमानगढ़। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भाजपा नगर मंडल हनुमानगढ़ टाउन के कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता अमित चौधरी के नेतृत्व में नगर के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर संतों एवं गुरुओं का सम्मान किया और उनसे क्षेत्र की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम की शुरुआत ऐतिहासिक गुरुद्वारा बाबा सुखा सिंह मेहताब सिंह में माथा टेक कर की गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जत्थेदार बाबाजी का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरुद्वारे में हुई अरदास में सभी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
इसके पश्चात भाजपा कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर में माता रानी के दर्शन किए और पुजारी छोटू पुरी व अशोक पुरी का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया। कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में माता रानी के चरणों में पुष्प अर्पित कर क्षेत्र की सुख-शांति की प्रार्थना की। इसके बाद सेक्टर नंबर 3 स्थित प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य और विद्वान पंडित विजय आनंद शास्त्री से भी कार्यकर्ताओं ने भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। पंडितजी ने सभी को आध्यात्मिक मार्ग पर चलने, सेवा भावना रखने और जनहित में कार्य करने की प्रेरणा दी।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नितिन बंसल ने कहा कि गुरु हमारे जीवन के वास्तविक मार्गदर्शक होते हैं। उनके आशीर्वाद से ही समाज और राष्ट्र की उन्नति संभव है। आज का दिन हमें अपनी परंपराओं और संस्कृति को याद करने का अवसर देता है।
भाजपा नेता अमित चौधरी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा आत्मिक और नैतिक बल को संजोने का पर्व है। यह कार्यक्रम भाजपा की संस्कृति और सेवा भावना को दर्शाता है। हम हमेशा संतों और गुरुओं के बताए मार्ग पर चलकर समाज सेवा करते रहेंगे।
जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा जैसे पर्व भारतीय संस्कृति की जड़ें मजबूत करते हैं और ऐसे आयोजनों से समाज में आध्यात्मिकता, सेवा और संस्कारों की भावना का प्रसार होता है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































