राजकीय विद्यालय 30SSW में एक दिवसीय विपश्यना ध्यान शिविर आयोजित

154

– तनावमुक्त जीवन के लिए विद्यार्थियों ने सीखी श्वास पर आधारित ध्यान विधि
हनुमानगढ़। 
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय 30SSW के सभा भवन में एक दिवसीय विपश्यना ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। यह विशेष शिविर विपश्यना ट्रस्ट धम्म मधुवन संस्थान के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। शिविर के दौरान प्रशिक्षक सौरभ देवनानी ने बच्चों को विपश्यना ध्यान की मूलभूत विधियों से परिचित करवाया और जीवन को शांति व संतुलन की ओर ले जाने वाली इस विद्या का अभ्यास करवाया।
प्रशिक्षक सौरभ देवनानी ने बताया कि विपश्यना ध्यान एक वैज्ञानिक और सार्वभौमिक तकनीक है, जो श्वास-प्रश्वास के सूक्ष्म निरीक्षण पर आधारित है। उन्होंने कहा कि आज का जीवन तनाव और अव्यवस्था से भरा है, जिसमें न केवल वयस्क, बल्कि स्कूली छात्र भी मानसिक दबाव से जूझ रहे हैं। ऐसे में यह ध्यान विधि न केवल उन्हें मानसिक रूप से शांत रखती है, बल्कि उनकी एकाग्रता, निर्णय क्षमता और आत्म-जागरूकता को भी बढ़ाती है।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी पूरे मनोयोग से ध्यान अभ्यास में भाग लिया और इस विधा को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। छात्रों ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह ध्यान विधि उन्हें अंदर से शांत और स्थिर महसूस करवा रही है, जिससे पढ़ाई में भी ध्यान केंद्रित करना अब आसान होगा।
शिविर में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी ध्यान अभ्यास में भाग लिया। प्रधानाचार्य राजकुमार ने विपश्यना ट्रस्ट धम्म मधुवन संस्थान का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस प्रकार की ध्यान विधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत सहायक हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से करवाने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह एक दिवसीय शिविर विद्यार्थियों के लिए आत्म-चिंतन, आत्म-अनुशासन और मानसिक स्वच्छता की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल बनकर सामने आया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।