हनुमानगढ़ में ‘इलेक्ट्रॉनिक गोग्रास गुल्लक’ अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में

235

हनुमानगढ़। श्री गौशाला सेवा समिति, हनुमानगढ़ जंक्शन की एक महत्वपूर्ण बैठक समिति अध्यक्ष इंद्र हिसारिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी 11 जून 2025 को शुभारंभ होने वाले “इलेक्ट्रॉनिक गोग्रास गुल्लक” अभियान को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा आयोजन को सफल बनाने हेतु कार्ययोजना तैयार की गई। समिति के सभी सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं ताकि कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और प्रभावी रूप से संपन्न हो सकें।गौशाला समिति के अध्यक्ष इंद्र हिसारिया ने बताया कि यह अभिनव योजना गौसेवा को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में राजस्थान का पहला प्रयास है, जिसमें आमजन को घर बैठे मात्र ₹100 मासिक गोग्रास दान देकर गोसेवा का पुण्य कमाने का अवसर मिलेगा। ‘इलेक्ट्रॉनिक गोग्रास गुल्लक’ योजना के माध्यम से प्रत्येक गोभक्त से ईसीएस (ECS) प्रणाली द्वारा नियमित रूप से दान प्राप्त किया जाएगा, जिसे जिले की आर्थिक रूप से कमजोर गौशालाओं को भोजन, औषधि और उन्नत नस्ल के नंदी के रूप में वितरित किया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले की सभी गौशालाओं को उद्घाटन समारोह में आमंत्रित किया जाएगा ताकि यह योजना सामूहिक प्रयास बन सके। समिति का मानना है कि जब समाज और गौशालाएं एकजुट होंगी, तभी गौसेवा को नई दिशा मिल सकेगी। बैठक में बताया गया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गोसेवा को केवल धार्मिक दायित्व नहीं, बल्कि तकनीकी और व्यवस्थागत दृष्टिकोण से भी सक्षम बनाना है।इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, गौभक्तों एवं श्रद्धालुओं को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। समिति का कहना है कि इस नवाचार को लेकर आमजन में उत्साह है और इसकी सराहना भी हो रही है। यह अभियान न केवल गोसेवा की संस्कृति को पुनर्जीवित करेगा, बल्कि तकनीक के सहारे इसे व्यापक जनसहयोग से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगा श्री गौशाला सेवा समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से आह्वान किया है कि वे 11 जून को इस पवित्र आयोजन में भाग लेकर गोसेवा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और इस ऐतिहासिक प्रयास का हिस्सा बनें। इस मौके पर गोमाता अटूट लंगर प्रसाद बरताया जाएगा।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।