नरेगा में फर्जी हाजरी व पक्षपात का आरोप, ग्रामीणों का कलैक्ट्रैट पर प्रदर्शन

81

-जण्डावाली में सभी श्रमिकों को सम्मानपूर्वक काम देने की मांग, डीवाईएफआई ने सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। गांव जण्डावाली में महात्मा गांधी नरेगा योजना में कथित फर्जी हाजरी लगाने और श्रमिकों के साथ पक्षपात किए जाने के विरोध में मंगलवार को डीवाईएफआई के बैनर तले ग्रामीणों ने जिला कलैक्ट्रैट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर नरेगा में हो रही अनियमितताओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, साथ ही जण्डावाली में सभी पात्र श्रमिकों को सम्मानपूर्वक रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
डीवाईएफआई के तहसील सचिव वेद मक्कासर ने बताया कि ग्राम पंचायत जण्डावाली में पिछले करीब चार माह से नरेगा कार्य पूरी तरह बंद था, जिससे सैकड़ों मजदूर बेरोजगार रहे। काफी प्रयासों और मांगों के बाद 3 फरवरी को पंचायत में नरेगा का कार्य शुरू किया गया, लेकिन इसमें भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। उन्होंने कहा कि कार्य शुरू होने के बावजूद मात्र लगभग 300 लोगों को ही रोजगार दिया गया, जबकि करीब एक हजार से अधिक श्रमिक काम से वंचित रह गए।
वेद मक्कासर ने आरोप लगाया कि पंचायत के जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने चहेते लोगों को प्राथमिकता देकर काम दिया गया है, जबकि वास्तविक जरूरतमंद मजदूरों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 19 जनवरी को भी जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।