हनुमानगढ़। श्री करणी राजपूत विश्राम गृह, हनुमानगढ़ टाऊन के प्रांगण में राजपूत समाज द्वारा श्री क्षत्रिय युवक संघ के संरक्षक श्री भगवान सिंह जी रोल साहबसर की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य व्यक्तियों, युवाओं एवं वरिष्ठजनों ने उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा में श्री करणी राजपूत सर्वहित करणी समिति के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह भालेरी, उपाध्यक्ष श्री करणी सिंह राठौड़, महासचिव श्री भगीरथ सिंह शेखावत, कोषाध्यक्ष श्री भवानी सिंह शेखावत, सचिव नरेंद्र सिंह राठौड़, श्री विक्रम सिंह शेखावत, जिला परिषद सदस्य श्री विजय सिंह पनीवाली, श्री इंद्र सिंह राठौड़, श्री मदन सिंह राठौड़, श्री योगेंद्र सिंह शेखावत सहित राजपूत समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
सभी वक्ताओं ने भगवान सिंह जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक दूरदर्शी, समाजसेवी व प्रेरणादायी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने राजपूत समाज की एकता, शिक्षा, संगठन एवं सामाजिक के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उनका जीवन सदैव समाजहित के लिए समर्पित रहा। उनके द्वारा आरंभ की गई कई योजनाएं और सामाजिक प्रयास आज भी समाज को एकजुट करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि भगवान सिंह जी का निधन राजपूत समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी पूर्ति संभव नहीं। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम का संचालन गरिमामय एवं संयमित वातावरण में संपन्न हुआ। राजपूत समाज ने यह संकल्प लिया कि वे भगवान सिंह जी के आदर्शों पर चलते हुए समाज सेवा के मार्ग को आगे बढ़ाएंगे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































