-नए प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी गई, सदस्यों को लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया गया
हनुमानगढ़। रोटरी क्लब हनुमानगढ़ सैन्ट्रल की वार्षिक बैठक क्लब अध्यक्ष सुरेन्द्र सैनी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इस बैठक में रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. संदीप चौहान, डीजीएनडी शिवशंकर वशिष्ट, असिस्टेंट गवर्नर पुरूषोत्तम बंसल सहित अनेक गणमान्य सदस्यों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य गत वर्ष में क्लब द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा, आगामी योजनाओं पर चर्चा और नए सामाजिक प्रोजेक्ट्स की घोषणा करना रहा।
बैठक की शुरुआत क्लब अध्यक्ष सुरेन्द्र सैनी द्वारा अतिथियों का स्वागत कर की गई। इसके पश्चात क्लब सचिव विनय जिन्दल द्वारा वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें वर्ष भर में क्लब द्वारा किए गए समाजसेवी कार्यों, हेल्थ कैंप, शिक्षा प्रोत्साहन, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण संबंधी गतिविधियों का लेखा-जोखा रखा गया। रिपोर्ट में बताया गया कि क्लब ने इस वर्ष अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया है जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ पहुंचा है।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. संदीप चौहान ने क्लब की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी क्लब हनुमानगढ़ सैन्ट्रल ने सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने में एक मिसाल कायम की है। उन्होंने आगामी सत्र के लिए क्लब को दिशा-निर्देश भी दिए और रोटरी इंटरनेशनल के लक्ष्य साझा किए। डीजीएनडी शिवशंकर वशिष्ट ने क्लब सदस्यों से रचनात्मक और दीर्घकालिक प्रोजेक्ट्स पर काम करने का आह्वान किया, वहीं असिस्टेंट गवर्नर पुरूषोत्तम बंसल ने सामूहिक प्रयासों की महत्ता पर प्रकाश डाला।
बैठक में एडवोकेट जेपी गर्ग, डॉ. बीके चावला, कर्नल राजेन्द्र प्रसाद, सुरेश गुप्ता, कमल जैन, बलविन्द्र सिंह, नरेश गर्ग, वीरेन्द्र गर्ग सहित कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने क्लब की भविष्य की योजनाओं पर सकारात्मक सुझाव दिए और टीम भावना से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक का समापन अध्यक्ष सुरेन्द्र सैनी द्वारा अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































