भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ

211

हनुमानगढ़। जंक्शन सेक्टर-6 स्थित शिव शक्ति सिद्ध पीठ कमल कल्याण आश्रम में सोमवार से श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत एक भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा के मुख्य यजमान मनोज बंसल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रीमद् भागवत कथा को सिर पर धारण कर शोभायात्रा में सहभागिता की। शोभायात्रा का दृश्य अत्यंत भव्य और आध्यात्मिक वातावरण से परिपूर्ण रहा। सबसे आगे भजनों की मधुर धुनों पर नाचते-झूमते श्रद्धालु थे, जिनकी भक्ति भावना देखते ही बनती थी। उनके पीछे मुख्य यजमान मनोज बंसल, सिर पर पवित्र श्रीमद् भागवत ग्रंथ को धारण किए हुए चल रहे थे।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भगवा वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लिए अपनी श्रद्धा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। महिलाओं की कतारें शोभायात्रा की शोभा में चार चांद लगा रही थीं। कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भव्यता के साथ कथा स्थल कमल कल्याण आश्रम पहुंचकर सम्पन्न हुई।
आयोजन समिति के सदस्य भवानी शंकर शर्मा ने जानकारी दी कि कथा वाचन प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक होगा। श्रद्धालु आचार्य भानुदेव ओझा जी के श्रीमुख से श्रीमद् भागवत कथा का रसास्वादन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि यह आयोजन आगामी दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन भक्तों को धर्म, भक्ति एवं सदाचार का मार्गदर्शन मिलेगा।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।