प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, बेटियों की शिक्षा को मिला प्रोत्साहन

160

– मुस्लिम जनकल्याण विकास समिति ने किया प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन
हनुमानगढ़। 
मुस्लिम जनकल्याण विकास समिति, हनुमानगढ़ द्वारा टाउन अरोड़वंश धर्मशाला में दूसरे प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन रविवार को किया गया। इस समारोह का उद्देश्य समाज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर अन्य युवाओं को प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. इमरान खान रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राध्यापक एवं कवि मोहम्मद असलम राठौड़ उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष व सेवानिवृत्त थानेदार सदीक मोहम्मद और संरक्षक महबूब अली ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र में अमन व शांति की दुआ के साथ हुआ।
समारोह में शिक्षा, खेल और राजकीय सेवाओं में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले कुल 36 प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित किया गया, जिनमें बेटियों की संख्या अधिक रही। अध्यक्ष मोहम्मद सदीक ने स्वागत भाषण में कहा कि समाज की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना ही इस आयोजन का मूल उद्देश्य है, ताकि अन्य युवा भी उनसे प्रेरणा ले सकें।
मुख्य अतिथि डॉ. इमरान खान ने समाज की प्रगति में शिक्षा की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि हमारा समाज आज भी कानून की सही जानकारी के अभाव में कई बार गलत साबित हो जाता है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे संविधान में दिए गए अपने अधिकारों और दस्तावेजों के प्रति सजग रहें। उन्होंने इस बात पर विशेष चिंता जताई कि जहां बेटियां शिक्षा में आगे बढ़ रही हैं, वहीं बेटे मोबाइल और नशे जैसी बुराइयों में फंसते जा रहे हैं। उन्होंने बेटों को शिक्षा और खेलों में ध्यान देने की सलाह दी।
विशिष्ट अतिथि कवि मोहम्मद असलम राठौड़ ने कहा कि हमारे समाज के युवा हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। आवश्यकता है उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन की। उन्होंने युवाओं को लेखन और पठान (पढ़ाई) पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता जाकिर हुसैन ने भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी दर्शाते हुए घोषणा की कि यदि समिति प्राथमिक शिक्षा हेतु विद्यालय स्थापना का प्रयास करती है, तो वह अपनी ओर से 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देंगे। उन्होंने शिक्षा को समाज का मजबूत स्तंभ बताते हुए ऐसे आयोजनों को प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के अंत में समिति सचिव आमीन अली नागरा ने समस्त अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि समाज द्वारा समाज के उत्थान व शिक्षा में युवाओं की सतत भागीदारी के लिए दूसरे प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। समिति द्वारा उक्त कार्यक्रम का विस्तार करते हुए समाज के सहयोग से जरूरतमंद परिवार के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति की व्यवस्था करने का प्रयास किया जायेगा।
इस मौके पर उपाध्यक्ष हाजी मुख्यतार खोखर, सचिव अमीन अली नागरा, कोषाध्यक्ष असलम खान, सहसचिव नबाब अली, हनीफ मोहम्मद टाक, सुल्तान अली जोईया, हनीफ मोहम्मद चायनान, सहायक अभियंता शरीफ मोहम्मद, मोहम्मद मुनीर शेख, शराफत अली नानू, सलीम खान, बाबू खान टेलर, अहमद जिया उर रहमान, मौलाना निजामुद्दीन, ताहिर खिलजी, इशाक चायनाण, फरियाद अली, जाकिर हुसैन, तनीष खान, फारूख खान सहित समाज के गणमान्य नागरीक मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।